दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में 14 को बसंत पंचमी, होंगे धार्मिक- सांस्कृतिक कार्यक्रम

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल और उसके प्रकल्प संत ज्ञानेश्वर स्कूल में 14 फरवरी को बसंत पंचमी पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं। शाला प्रभारी निरंजन पंडित ने बताया कि संत ज्ञानेश्वर स्कूल में बसंत पंचमी पर सुबह 9:00 सरस्वती पूजन- वंदन और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती से पहले 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थी होम- हवन में शामिल होंगे और विद्या की देवी मां सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
 
चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में दोपहर 3:00 बजे से महिला केंद्रों की ओर से बसंत पंचमी का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि नमिता शेष, रश्मि गोवर्धन और आस्था काले के सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना गायन से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। श्रावणी मुकादम गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुत करते हुए प्रथम पूज्य गणपति बप्पा का आह्वान करेंगी।
 
इन दिनों देशभर में सर्वाधिक लोकप्रिय भक्ति गीत 'मेरे चौखट पर चलकर आज चारों धाम आए हैं' पर आशा बारेवार, शोभा मोहताज की संगीतमय नृत्य प्रस्तुति होगी। सुपरहिट मराठी गीत 'दिसला ग बाई दिसला' गाने पर यशस्वी दंडवते, सुजाता निमबलकर व धनश्री जोशी की जानदार प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी। लक्ष्मी जिल्लारे व अनुराधा भी डांस से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगी। देवी मां का पारंपरिक जोगवा नृत्य स्वामी कुंबड़कर, यशिका कुम्बलकर, राशिका चोपकर, भूमिका गभाने, मोना तुलसकर पेश करेंगी।