सूर्य नमस्कार से होती बच्चों के दिन की शुरूआत... इस स्कूल में मिल रहा शिक्षा के साथ संस्कार
रायपुर। महाराष्ट्र मंडळ द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। बच्चे प्रतिदिन सुबह प्रार्थना के पहले सूर्य नमस्कार के साथ स्कूल में अपने दिन की शुरूआत करते है। बच्चों में अच्छे संस्कार डालने के लिए स्कूल प्रबंधन लगातार प्रयासरत रहता है।
स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि आज के आधुनिक युग में बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार बेहद जरूरी है। आज हम एकल परिवार में रह रहे है। भागमभाग की जिंदगी में पैरेट्स बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। पहले के समय बच्चों को दादा-दादी से संस्कार मिल जाया करते थे। इन कमियों को पूरा करने के लिए स्कूल में बच्चों को संस्कारवान बनाया जा रहा है।
शिक्षिका शिखा शर्मा ने बच्चों को विद्यालय प्रवेश करते ही सूर्य को नमस्कार करने के लाभ के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को बताया कि जिस तरह सूरज समस्त पृथ्वी को अपने प्रकाश से प्रकाशित करता है। प्रातःकाल उगते सूरज को देखने से नेत्र विकार दूर होते है। इससे जीवन में शुभ फल मिलता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सूर्य की किरणों से हमे विटामिन डी की प्राप्ति होती है। हमारे शास्त्रों में लिखित किया गया है कि जो प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करते हैं वह आयु ,प्रज्ञा, बल ,वीर्य ,तेज प्राप्त करते हैं।