रथ सप्तमी पर 16 फरवरी को विशेष सूर्य नमस्कार... मंडल की आध्यात्मिक समिति का आनलाइन आयोजन
2024-02-15 09:08 PM
547
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति शुक्रवार को रथ सप्तमी के विशेष अवसर पर सुबह 6:30 बजे सूर्य नमस्कार का विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसमें आध्यात्मिक और योग समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में आजीवन सभासद और आमजन भी शामिल होंगे।
समिति की प्रमुख आस्था काले ने बताया कि रथ सप्तमी पर सूर्य की आराधना की जाती है। भगवान सूर्य से हमें अच्छे आरोग्य और आयु का आशीर्वाद मिलता है। भगवान सूर्य का 12 घोड़ों का रथ था। इसी तरह 12 आसनों से योग किया जाता है। सूर्य नमस्कार सूर्य की आध्यात्मिक चेतना और नित्य कर्म का प्रतिनिधित्व करता है।
आस्था के अनुसार योग में सूर्य नमस्कार का प्रतिनिधित्व पिंगला नाड़ी करती है। यह शरीर के सभी जोड़ों और मांसपेशियों को ढीला करने के साथ ही आंतरिक अंग की मालिश भी करता है। सूर्य नमस्कार स्वयं में एक साधना है। यह अंत:स्त्रावी, रक्त परिसंचलन, श्वसन, पाचन तंत्र सहित सभी तंत्रों को उदित्प और संतुलित करता है। फेफड़ों से कार्बन डाइऑक्साइड का निष्कासन, मानसिक स्पष्टता में वृद्धि के साथ कुशाग्र बुद्धि हासिल करने में सूर्य नमस्कार सहायक होता है। उन्होंने रथ सप्तमी पर सुबह ऑनलाइन आयोजन में आधिकारिक योग साधकों से शामिल होने की अपील की है।