बागेश्वर धाम समिति ने महाराष्ट्र मंडल को किया सम्मानित
2024-02-19 06:34 PM
674
रायपुर। जय बागेश्वर धाम समिति गुढ़ियारी ने महाराष्ट्र मंडल को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान उनकी नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं को लेकर एक भव्य आयोजन में सम्मानित किया। महाराष्ट्र मंडल की ओर से यह सम्मान स्वास्थ्य समिति के प्रमुख अरविंद जोशी ने स्वीकार किया।
बताते चलें कि 17 से 23 जनवरी तक गुढ़ियारी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) की कथा का सफलतम आयोजन किया गया। इस आयोजन में महाराष्ट्र मंडल ने स्वास्थगत सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराईं थीं। इसमें दूरदराज से पहुंचे लाखों भक्तगणों में से बीमार- पीड़ित व्यक्तियों के लिए मेडिकल बेड, व्हील चेयर, वाॅकर, आक्सीजन काॅंसंट्रेटर जैसी मेडिकल इक्यूपमेंट की सुविधाएं महाराष्ट्र मंडल ने मुहैया कराईं थी।
सात दिवसीय कथा के आयोजन में महाराष्ट्र मंडल सहित जिन संस्थाओं ने आयोजकों को सहयोग दिया था, उन्हें गुढ़ियारी स्थित मां भारती विद्यालय में एक भव्य समारोह आयोजित का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
महाराष्ट्र मंडल की ओर से सम्मान ग्रहण करने वाले स्वास्थ्य समिति के प्रमुख अरविंद जोशी ने बताया कि जय बागेश्वर धाम गुढ़ियारी के चंदन और बसंत अग्रवाल के विशेष आग्रह पर मंडल ने यह सम्मान स्वीकार किया। ऐसे सम्मान से भविष्य में भी अपनी संस्था के बाहर सहयोग की भावना प्रबल होती है। महाराष्ट्र मंडल आगे भी ऐसे आयोजनों में अपनी सक्रिय और सार्थक भूमिका निभाएगा।