फिजियोथेरेपी की अत्याधुनिक मशीनों के साथ सेवा में जुटा महाराष्ट्र मंडल
2024-02-24 09:50 AM
464
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में भारतीय जीवन बीमा निगम के सौजन्य से शुरू हुए फिजियोथेरेपी सेंटर में प्रतिदिन पहुंच रहे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंडल के फिजियोथेरेपी सेंटर में हाटपैक, टेंस, आईएफटी, लेजर, अल्ट्रासाउंड और स्ट्रीम्यूलेशन जैसी अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस फिजियोथेरेपी सेंटर में शाम पांच बजे तक खुला रहता है।
फिजियोथेरेपिस्ट डाॅ. डिंपल अग्रवाल ने बताया कि जैसे-जैसे अत्याधुनिक फिजियोथैरिपी की मांग बढ़ रही है, चिकित्सा पद्धतियां अपनी पेशकश को बढ़ाने और अपने रोगियों के लिए तेजी से उपचार को बढ़ावा देने के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनों जैसी उन्नत तकनीकों की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। अल्ट्रासाउंड मशीनें उपयोग, उपचार, दर्द प्रबंधन, गतिशीलता और समग्र रोगी संतुष्टि में उल्लेखनीय सुधार लातीं हैं।
डाॅ. अग्रवाल के अनुसार अल्ट्रासाउंड थेरेपी लक्षित उतकों में रक्त के प्रवाह को प्रभावी ढंग से बढ़ाती है। इससे मरम्मत के लिए आवश्यक ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की डिलीवरी को बढ़ावा मिलता है। परिणामस्वरूप, अल्ट्रासाउंड थेरेपी के बाद मरीजों को गति की बेहतर सीमा, अधिक लचीलेपन और बढ़ी हुई समग्र गतिशीलता का अनुभव होता है।