महाराष्ट्र मंडल की सदस्य कुमुद लाड और विजय लाड को मिला कबीर कोहिनूर सम्मान
रायपुर। संतश्री कबीर साहेब के 506वें महानिर्वाण दिवस के उपलक्ष्य पर कबीर कोहिनूर सम्मान 2024 का आयोजन डा. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हाल जनपथ रोड में आयोजित किया गया। महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद विजय लाड और कुमुद लाड को इस समारोह में कबीर कोहिनूर सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम का आयोजन कबीर मठ सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान बड़ी खाटू राजस्थान के भारत भूषण महंत डा. नानक दास महाराज के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में देश-विदेश से विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट चयनित महानुभावों को कबीर कोहिनूर सम्मान से सम्मानित किया गया।
डाक टिकट संग्रहण पर श्रेणी राष्ट्र हित और अन्य विशेष सेवा के लिए विजय लाड को कबीर कोहिनूर सम्मान से नवाजा गया। वहीं उनकी बहन सुश्री कुमुद लाड को भारतीय कला संस्कृति/छत्तीसगढ विषय पर सम्मानित किया गया।
बतादें कि पूरे भारत में 100 लोगों को विभिन्न श्रेणियों में यह पुरस्कार दिया गया। जिसमें से छत्तीसगढ़ के छह लोग शामिल है। सम्मान समारोह में पत्रकारिता, भामाशाह (दान), समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, संगीतकार-गीतकार, नशा मुक्ति, नेतृत्वकर्ता, भारतीय कला-संस्कृति, लोक नाट्य, गौ सेवा, तकनीक नवाचार, वरिष्ठ कवि-कवयित्री, ज्योतिष शास्त्री, चित्रकारिता, बाल साहित्यकार, उत्कृष्ट शिक्षा सेवा, वरिष्ठ साहित्यकार, राष्ट्र हित में अन्य विशिष्ट सेवा, फिल्म अभिनेता, चिकित्सा सेवा एवं आदिवासी-जनजति प्रोत्साहन कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के असाधारण हस्तियों को भी कबीर कोहिनूर सम्मान प्रदान किया गया।