आठवीं बार महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर काले ने टीम के साथ आजीवन सभासदों का जताया आभार
2024-03-02 04:36 PM
539
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि पिछले कार्यकाल की तरह 2024- 26 का कार्यकाल भी बेहद महत्वपूर्ण होगा। इसमें मंडल के नवनिर्मित भवन के बचे हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। वहीं तृतीय तल पर 16 सर्व सुविधायुक्त कमरों का निर्माण भी रिकॉर्ड समय पर करना है। इसके अलावा वरिष्ठ जनों की बहुप्रतीक्षित आपुल्की (आत्मीयता) योजना भी तय समय पर धरातल पर उतरेगी। इन कार्यों के बीच मंडल पर दो करोड़ रुपए का कर्ज उतारने के लिए भी हम संकल्पबद्ध हैं।
आठवीं बार महाराष्ट्र मंडल का अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अजय काले ने दिव्य महाराष्ट्र मंडल से बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के भयावह काल से गुजरने के बाद पिछला कार्यकाल चुनौतीपूर्ण रहा। इस बीच हम महाराष्ट्र मंडल के चार वर्षों से निर्माणाधीन भवन को लोकार्पण की स्थिति तक लाने में सफल रहे। इस बीच संत ज्ञानेश्वर स्कूल (एसडीवी) के दो प्रतिभाशाली बच्चे कुंदन बियाणी और मुस्कान सिंह 12वीं बोर्ड की परीक्षा में प्रवीण सूची में स्थान बना पाए। एसडीवी के 40 वर्षों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब दो छात्रों ने प्रवीण्य ने सूची में महाराष्ट्र मंडल का परचम लहराया हो। काले ने बताया कि डिजिटल युग की मांग को देखते हुए महाराष्ट्र मंडल ने अपना नया हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'दिव्य महाराष्ट्र मंडल' शुरू किया। इसे सालभर में ही अभूतपूर्व प्रतिसाद मिल रहा है।
एक सवाल के जवाब में अजय काले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल के नए भवन में दो लिफ्ट, जनरेटर और पार्किंग एरिया में पेवर ब्लॉक लगाने के काम किए जाएंगे। इन कार्यों की अनुमानित लागत 75 लाख रुपये अनुमानित है। अजय काले ने कहा कि नया रायपुर में महाराष्ट्र मंडल के लिए दोबारा भूखंड आवंटित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे क्योंकि संत ज्ञानेश्वर स्कूल का व्यापक स्तर पर विस्तार आज के समय की मांग है। महाराष्ट्र मंडल भी एक ऐसा स्कूल चाहता है जिसमें बच्चों को क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी खेलने के लिए पर्याप्त एवं सुविधापूर्ण मैदान उपलब्ध हो सके।
काले के मुताबिक हमारी कोशिश चौबे कॉलोनी स्थित कामकाजी महिला वसती गृह व छात्रावास के लगातार जर्जर हो रहे 40 साल पुराने भवन को नई पीढ़ी की मांग के अनुरूप अत्याधुनिक बनाने की भी है। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों चेतन दंडवते, दीपक किरवईवाले, विशाखा तोपखानेवाले, श्याम सुंदर खंगन, गीता दलाल और नमिता शेष नके साथ सभी आजीवन सभासदों, दानदाताओं, समाजसेवियों सहित जन प्रतिनिधियों का पूरी टीम के निर्विरोध निर्वाचन के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया है कि इन सभी का हमेशा की तरह मार्गदर्शन, आशीर्वाद, सहयोग हमें मिलता रहेगा।
काले के अनुसार लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र मंडल की सामान्य सभा की बैठक (एजीएम) आहूत की जाएगी। तब तक मंडल और उसके प्रकल्पों का आय- व्यय का ऑडिटेड ब्यौरा भी उपलब्ध हो जाएगा। एजीएम के बाद ही कार्यकारिणी के मनोनीत होने वाले सात सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसी दौरान महाराष्ट्र मंडल के सभी 15 समितियां के प्रभारी, सह प्रभारी एवं उनकी टीमों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।