महाराष्ट्र मंडल में 8 मार्च को महा शिवरात्रि, 55 जोड़े करेंगे सामूहिक रुद्राभिषेक
2024-03-04 03:38 PM
661
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह एवं डायनिंग एरिया में महाशिवरात्रि पूजन, लघु रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन शुक्रवार को किया जा रहा है। इस मौके पर 55 जोड़े एक साथ लघु रुद्राभिषेक करेंगे।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के प्रमुख चेतन दंडवते ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियों की जरूरत है क्योंकि बहुत से जोड़े लगातार चार घंटे तक जमीन पर बैठकर लघु रुद्राभिषेक नहीं कर सकते, ऐसे जोड़ों के लिए टेबल- कुर्सी की व्यवस्था अलग से की जाएगी। जो लोग किसी वजह से लघु रुद्राभिषेक नहीं करवा पा रहे हैं, उनके लिए अभिषेक की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
अध्यक्ष अजय काले के मुताबिक महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन में पहली बार महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी है। इस मौके पर लगातार तीसरी बार ज्योति कान्हे के नेतृत्व में आध्यात्मिक समिति की महिलाएं पंडितों के साथ लघु रुद्र का पाठ करेंगी। इसके लिए उन्होंने पिछले सप्ताह से ही तात्यापारा में अभ्यास शुरू कर दिया है। लघु रुद्राभिषेक में बैठने वालों में 16- 17 साल की युवाओं से लेकर 80- 85 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के विनोद राखूँडे ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान भोले शंकर के भव्य शिवलिंग का निर्माण अजय पोद्दार और शेखर श्रीरसागर करेंगे। रुद्राभिषेक स्थल पर प्रभु श्रीराम की विशाल तस्वीर के साथ सुंदर झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी। पूजन कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे महा आरती और महाप्रसाद के साथ संपन्न होगा।