दिव्य महाराष्ट्र मंडल

गजानन महाराज की भव्य पालकी कल.... आज सत्यनारायण कथा के बाद बांटी गई भाजी भाकर

रायपुर। तात्यापारा स्थित संतश्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान रायपुर द्वारा संतश्रीका प्रगट दिवस 3 मार्च रविवार को धूमधाम से मनाया गया। सोमवार को सहस्त्राभिषेक के उपरांत सत्यनारायण पूजन और भाजी भाकर का वितरण किया गया। वहीं  5 मार्च मंगलवार को संतश्री की भव्य पालकी निकाली जाएगी। बतादें कि संतश्री का प्रगट दिवस महोत्सव 28 फरवरी से मनाया जा रहा है। कलश स्थापना के साथ शुरू हुए इस महोत्सव का समापन कल मंगलवार 5 मार्च को संतश्री की भव्य शोभायात्रा और गोपाल काला वितरण के साथ संपन्न होगा।

संतश्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान के उपाध्यक्ष जयंत तापस ने बताया कि रविवार को संतश्री के प्रगट दिवस महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह 5 बजे श्री गजानन विजय ग्रंथ का सामूहिक परायण किया गया। 8.30 बजे सहस्त्राभिषेक और सुबह 10 बजे श्रीगणेश याग उपरांत आरती हुई। शाम को सामूहिक महाआरती में भी लोगों की अच्छी भीड़ रही। सोमवार, 4 मार्च को महाप्रसाद के दिन सुबह सहस्त्राभिषेक और सत्यनारायण की कथा के बाद भाजी भाकर (भंडारा) हुआ।

तापस के मुताबिक महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को सुबह 8.30 बजे सहस्त्राभिषेक पूजन, शाम को 4 बजे महिलाओं द्वारा भजन की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 6 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा तात्यापारा स्थित मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। पालकी के बाद आरती और गोपाल काला प्रसाद का वितरण किया जाएगा।