महाराष्ट्र मंडल में महा शिवरात्रि पर 60 जोड़े करेंगे सामूहिक रुद्राभिषेक
2024-03-07 02:24 PM
352
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल चौबे कॉलोनी स्थित संत ज्ञानेश्वर सभागृह में महा शिवरात्रि पर शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे लघु रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर 60 जोड़े एक साथ लघु रुद्राभिषेक करेंगे।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के प्रमुख चेतन दंडवते के मुताबिक आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस मौके पर लगातार तीसरी बार महिलाओं की टीम लघु रुद्राभिषेक पाठ करेंगी। तात्यापारा निवासी ज्योति कान्हे के नेतृत्व में महिलाओं की टीम 10 दिनों तक अभ्यास करने के बाद अब लघु रुद्राभिषेक का पाठ करने के लिए तैयार है। जो भक्तगण किसी वजह से सामूहिक लघु रुद्राभिषेक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, वो अपने नाम- परिवार के नाम पर अलग से अभिषेक करवाने में रुचि ले रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष अजय काले ने बताया कि पूजा स्थल पर भगवान भोले शंकर के भव्य शिवलिंग का निर्माण अजय पोद्दार और शेखर श्रीरसागर कर रहे हैं। यहीं पर प्रभु श्रीराम की विशाल तस्वीर के साथ आकर्षक झांकी भी बनाई जा रही है। दोपहर 2:30 बजे महाआरती के बाद महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।