महिला दिवस: महाराष्ट्र मंडल में युवाओं के लिए प्रेरक तीन महिला लोको पायलट सम्मानित
2024-03-09 09:38 PM
766
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में शनिवार को भारतीय रेलवे की तीन महिला लोको पायलट ललिता चौधरी, प्रतिभा एस. बंसोड़, स्वर्णलता चौरसिया और कैंसर जागरूकता अभियान के लिए बाइक से तीन लाख किमी की यात्रा कर चुकीं डा. नम्रता सिंह का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अमृता मेहता और विशेष अतिथि डा. कमल वर्मा के हाथों सूत माला, शाल- श्रीफल और स्मृति चिह्न से सम्मानित डा. नम्रता सिंह ने कैंसर जागरूकता के लिए तीन बार बाइक से भारत भ्रमण करने के खट्टे- मीठे अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि महिला होने के नाते महिलाएं और युवा उनके विचारों व बातों से जल्दी जुड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार स्नेह का प्रतीक सूत माला से स्वागत की परंपरा देखी। काफी अच्छा लगा।

प्रतिभा एस. बांसोड़ लोको पायलट ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ की पहली महिला ट्रेन चालक हैं। जो पुरुष विचारों से स्वतंत्र होते हैं, वही अपने घर की बहू और बेटियों को आगे बढ़ने में मदद करते हैं। मेरे पेरेंट्स नहीं चाहते तो मैं इस मुकाम पर नहीं पहुंच पाती।
ललिता चौधरी असिस्टेंट लोको पायलट ने कहा कि घर वाले ट्रेन ड्राइवर की नौकरी के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए उन्हें एक बार ड्रॉप लेना पड़ा। घर वालों को मनाकर दोबारा आरआरबी की परीक्षा दी और सफल हुईं। उन्होंने कहा कि जाॅब कोई भी हो, महिलाओं का इंडिपेंडेंट होना जरूरी है। अब पहले जैसा माहौल नहीं रहा। समाज का वातावरण भी बदला है।

स्वर्णलता चौरसिया सीनियर लोको पायलट कहती हैं कि जब वे परीक्षा देने गईं, तो उसे पूरे परीक्षा केंद्र में एकमात्र वही महिला थीं और लोग उन्हें पलट- पलट कर देख रहे थे। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के समय कोई महिला- पुरुष नहीं होता, सिर्फ काम पर फोकस होता है। ड्यूटी करते समय वे पावरफुल महसूस करती हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में नारी शक्ति पर नंदा अगस्ती, सुलभा विठालकर, स्मिता चांदोरकर, सुवर्णा, रोहिणी चिमोटे, शोभा पाटिल, चित्रा कोल्हे और पल्लवी ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किया। स्त्री की महिमा पर अपर्णा देशमुख, माधुरी गाडगिल, कंचन, मनीषा, मंजूषा, प्रीति, अर्चना और मानसी ने प्रभावशाली नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। शुभांगी आप्टे और अपर्णा पेंडसे ने रोचक गेम्स से महिलाओं का बांधे रखा। कार्यक्रम का संचालन महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने किया। अर्चना जतकर ने आभार व्यक्त किया।
