महाराष्ट्र मंडल में खेली गई फूलों की होली... रोचक गेम ने समारोह को बनाया मनोरंजक
2024-03-30 11:22 AM
935
रायपुर। चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ में शुक्रवार को होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कई रोचक खेल आयोजित किए गए। मंडळ के सदस्यों ने जमकर फूलों की होली खेली।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभी सदस्यों को गुलाल लगाकर किया गया। महाराष्ट्र मंडळ की वरिष्ठ सदस्य अपर्णा देशमुख ने मंडळ अध्यक्ष अजय काळे, सचिव चेतन दंडवते, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन और वरिष्ठ अनिल काळेले के सम्मान में कविता की चंद लाइन पढ़कर कार्यक्रम को और रोचक बना दिया।

रंगोत्सव की रोचकता को बनाए रखने के लिए सबसे पहले कपल कुर्सी दौड़ खेला गया। सभी के लिए यह खेल नया और रोचक था। इसके कारण खेल के नियमों को बताने और समझाने में काफी समय लग गया। खेल को लेकर महिला और पुरुष सभी सदस्यों में जोरदार उत्साह देखा गया।

खेल के बारे में क्रीड़ा समिति की प्रमुख गीता दलाल ने बताया कि इसमें सभी प्रतिभागियों को आमने- सामने खड़ा किया गया। इसके बाद एक चुनरी एक प्रतिभागी को दी गई। उस प्रतिभागी के जोड़ीदार को दूसरे प्रतिभागी के साथ में रखना था। बज रही घंटी के रुकने के साथ अगर प्रतिभागी चुनरी दूसरे के हाथ में नहीं दे पाए, तो वह गेम से बाहर होते चले गए।

इस रोचक गेम में मीनाक्षी पिंपळापुरे और सौदामिनी बर्वे की जोड़ी प्रथम रही। वहीं विनोद राखुंडे और वर्षा राउत ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एक अन्य गेम हाउजी खेला गया। इसमें सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें हर गेम में पांच- पांच लोगों को प्राइज मिला। इसमें अर्ली सात लाइंस, मिडिल बंबो और फूल हाउस जैसे गेम खिलाए गए। इन विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में महिलाओं ने फाग फिल्मी गीतों में जमकर डांस किया। स्वरुचि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण, युवा और कला एवं संस्कृति समिति ने किया था। आयोजन में महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, नमिता शेष, गीता दलाल, भारती पलसोदकर, अंकिता किरवई की प्रमुख भूमिका रहीं।