गुड़ी पाड़वा पर महाराष्ट्र मंडल की बाइक रैली मंगलवार को
2024-04-06 02:46 PM
440
रायपुर। गुड़ी पाड़वा पर महाराष्ट्र मंडल की बाइक रैली मंगलवार को सुबह 9:00 बजे चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन से निकलेगी। बाइक रैली के बाद भवन परिसर में केशव बलिराम हेडगेवार जन्मशती पर विशेष कार्यक्रम होगा।
उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि बाइक रैली चौबे कॉलोनी महाराष्ट्र मंडल से शुरू होकर राजकुमार कॉलेज गेट, अनुपम गार्डन, सीएसईबी मुख्यालय, डगनिया, सुंदर नगर चौक, अश्विनी नगर, लाखे नगर चौक, पुरानी बस्ती पुलिस थाना, कंकाली पारा से होते हुए तात्यापारा चौक पहुंचेगी। यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। तत्पश्चात बाइक रैली तात्यापारा चौक से आजाद चौक, आमापारा चौक, विवेकानंद आश्रम, राजकुमार कॉलेज से होते हुए महाराष्ट्र मंडल भवन लौटेगी।
खंगन के अनुसार बाइक रैली के बाद मंडल परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम सरसंघचालक केशव बलिराम हेडगेवार के व्यक्तित्व पर बौद्धिक कार्यक्रम होगा। इसे महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ आजीवन सभासद विवेक गनोदवाले संबोधित करेंगे। कार्यकारिणी सदस्य नमिता शेष ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल के सदस्य बाइक रैली से पहले सुबह 7:00 बजे तात्यापारा चौक स्थित हनुमान मंदिर से निकाली जाने वाली प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह प्रभात फेरी हनुमान मंदिर से तात्यापारा चौक, फूल चौक, शारदा चौक, जय स्तंभ चौक से वापस तात्यापारा चौक से होते हुए आजाद चौक से घूमकर वापस हनुमान मंदिर में विसर्जित होगी। इसके बाद मंदिर में महाआरती की जाएगी और फिर प्रसाद वितरित किया जाएगा।