रोचक स्पर्धाओं के साथ महाराष्ट्र मंडल का गुड़ी पाड़वा महोत्सव कल... विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ लकी ड्रा कूपन लेने के लिए भी होड़
2024-04-12 10:14 PM
602
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल का बहुप्रतीक्षित गुड़ी पाड़वा महोत्सव रविवार शाम को अंबुजा मॉल सड्डू में आयोजित किया गया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं को लेकर प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अनिल जोतसिंघानी ने बताया की पहली बार महाराष्ट्र मंडल के साथ गुड़ी पाड़वा महोत्सव आयोजित कर रहे हैं। 14 अप्रैल को शाम 4:00 बजे से आयोजित महोत्सव में मराठी व्यंजन स्पर्धा, किड्स फैंसी ड्रेस शो, महाराष्ट्रियन क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होंगे। जोतसिंघानी के अनुसार मराठी व्यंजन प्रतियोगिता के प्रायोजक फ्रीडम कुकिंग आयल की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी को 900 एमएल कुकिंग आयल फ्री में मिलने के कारण महिलाओं की प्राथमिकता इसमें भागीदारी की है।
अनिल जोतसिंघानी के मुताबिक तीनों प्रतियोगिताओं में वितरित किए जाने वाले मनमोहक पुरस्कारों के साथ प्रमाणपत्र भी प्रतिस्पर्धियों को लुभा रहे हैं। वहीं कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों के लिए लकी कूपन किस्मत आजमाने का माध्यम बनेगा क्योंकि इसके द्वारा लकी कूपन लेने वाले दर्शक आकर्षक पुरस्कारों के साथ डायमंड रिंग जीतने के लिए भी किस्मत आजमा सकेंगे। विविध स्पर्धाओं के बीच नये- पुराने सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियों से संगीतमय महोत्सव सभी के लिए शानदार अनुभव होगा।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने बताया कि समूचा आयोजन मराठी भाषा, वेशभूषा, परंपरा और संस्कृति के मिले-जुले स्वरूप में होगा। बच्चों का फैंसी ड्रेस शो भी महाराष्ट्र की महान विभूतियों पर आधारित रहेगा। मराठी व्यंजन प्रतियोगिता को लेकर महिलाओं में पहले से ही भारी उत्साह है और जगह सीमित होने के कारण स्पर्धा में लगभग सभी प्रतिभागी फाइनल हो चुके हैं। कमोबेश यही स्थिति 'किड्स फैंसी ड्रेस शो' और 'महाराष्ट्रियन क्वीन' की भी है।