महाराष्ट्र मंडल के गुड़ी पाड़वा महोत्सव में छा गए सावरकर और शिवाजी
2024-04-14 10:17 PM
945
- किड्स फैंसी ड्रेस शो में डाॅ. अंबेडकर, रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई ने भी लूटी वाहवाही
- मराठी व्यंजन स्पर्धा में अलका लेले विजेता रहीं तो महाराष्ट्रियन क्वीन में तोशिबा भुजबल का जलवा
रायपुऱ। अंबूजा माल में आयोजित महाराष्ट्र मंडल के गुड़ी पाड़वा महोत्सव में पार्थ शेष ने वीर सावरकर बनकर धूम मचा दिया। देशभक्तिपूर्ण नारों के बीच उन्हें विजेता और शिव्या चावला उप विजेता घोषित किया गया। तीसरे स्थान पर जीजाबाई बनीं शार्वी गनोदवाले तृतीय रहीं। शिवाजी महाराज बने रुधान भुजबल को सांत्वना पुरस्कार से संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्रियन क्वीन और मराठी व्यंजन स्पर्धा में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से ध्यान खींचा। समूचे कार्यक्रम में धीरज की एक से बढ़कर एक नये- पुराने सुमधुर गानों की प्रस्तुतियों से दर्शक बंधे से रहे।

महोत्सव का शुभारंभ बच्चों के रोचक फैंसी ड्रेस शो से हुआ। जिसमें बच्चों ने रानी लक्ष्मी बाई, जीजाबाई, डा. भीमराव आंबेडकर, मराठी नववधू के ड्रेस में खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के आयोजक अनिल जोतसिंघानी और महाराष्ट्र मंडल के सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने बताया महाराष्ट्रियन क्वीन स्पर्धा में तोषिका भुजबल प्रथम, डा. शेफाली फडनवीस द्वितीय और प्रीति केसकर तीसरे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में मिस्टर एवं मिसेज़ लिल्हारे को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

महाराष्ट्र मंडल के इस महोत्सव में शुरू से ही सर्वाधिक क्रेज मराठी व्यंजन स्पर्धा को लेकर रहा। इस प्रतियोगिता के प्रायोजक फ्रीडम कुकिंग आयल की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी को 900 एमएल कुकिंग आयल की बोतल फ्री में दी गई। स्पर्धा में अलका लेले प्रथम, भूमिका दलाल द्वितीय और निधि उमाड़े और रचना रविंद्र ठेंगड़ी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं सुलभा विठालकर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के अंत में चारों जज अभया जोगलेकर, संध्या दुबे, पद्मजा लाड और डॉक्टर प्रीति खरे को भी विशेष रूप से सम्मानित किया।