दिव्य महाराष्ट्र मंडल

पांच साल में करेंगे 50 कार्यक्रम: काले.. मंडल के साथ मिलकर बहुत जल्दी करेंगे भव्य कार्यक्रम: जोतसिंघानी

रायपुर। राजधानी के सुप्रसिद्ध इवेंट मैनेजमेंट गुरु अनिल जोतसिंघानी का साथ अब महाराष्ट्र मंडल को मिल गया है। हम लोग अगले पांच साल में 50 शानदार कार्यक्रम आयोजन करेंगे। हमें विश्वास है कि इसमें आपकी भागीदारी बिल्कुल वैसे ही रहेगी, जैसे आज थी। अंबुजा माॅल में आयोजित भव्य गुड़ी पाड़वा महोत्सव पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने उक्ताशय के विचार व्यक्त किए। 
 
काले ने कहा कि हमें और भी बड़ा एक्स्पोज़र चाहिए, तो मंडल के दायरे से बाहर आकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करना होगा। गुड़ी पाड़वा महोत्सव के मुख्य आयोजक अनिल जोतसिंघानी ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल से जुड़ने का पहली बार अवसर मिला है और हमें पूरा विश्वास है कि हम जल्दी ही एक ऐसा भव्य आयोजन करेंगे, जिसे समूचा शहर ही नहीं बल्कि प्रदेश के लोग भी लंबे समय तक याद रखेंगे। महाराष्ट्र मंडल के हर आयुवर्ग के प्रतिभागियों की विविध स्पर्धाओं में भागीदारी को देखकर उन्होंने कहा कि यहां के प्रतिस्पर्धियों का जोश, उत्साह, उल्लास हमें प्रेरित करता है। आगे भी हम इस तरह के आयोजन करते रहेंगे। 
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मिस इंडिया रह चुकीं सोनिया स्वर्णकार ने कहा कि मामूली झिझक के बावजूद महाराष्ट्र मंडल के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने जिस आत्मविश्वास के साथ यहां रैंप वॉक किया है, वह अद्भुत है। यहां के हर एक प्रतिभागी को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर उन्हें बड़ी तसल्ली है कि वास्तविक प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उन्हें अवसर मिला। 
 
महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने गुड़ी पाड़वा महोत्सव की भव्य सफलता का श्रेय महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों के साथ अनिल जोतसिंघानी को दिया और उनके नाम पर तालियां बजवाई। दंडवते ने कहा कि पहली बार अनिल जोतसिंघानी की टीम के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का मौका मिला और बहुत शानदार अनुभव रहा। उम्मीद है इसका फायदा हमें आगे भी मिलेगा। इस मौके पर मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने भी अपने संबोधनों में कार्यक्रम की प्रशंसा की एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।