दिव्य महाराष्ट्र मंडल

तात्यापारा स्थित हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव और महाआऱती 23 अप्रैल को

- महाराष्ट्र मंडल की ओर से शाम 7:00 बजे रामरक्षा स्रोत, हनुमान चालीसा पाठ के बाद महाआरती

रायपुर। तात्यापारा स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के कार्यक्रम सुबह पांच बजे से शुरू होंगे और लगभग आधी रात तक चलेंगे। मंदिर जन्मोत्सव को लेकर जोर- शोर से तैयारियां जारी हैं।

मंदिर समिति के अध्यक्ष चंद्रकांत मोहदीवाले ने बताया कि तात्यापारा स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारियां अंतिम चरण पर है।जन्मोत्सव के कार्यक्रम सुबह पांच बजे पंडित शशांक देशपांडे के कीर्तन के साथ शुरू होंगे। भक्तों की भारी भीड़ के बीच छह बजे हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। हर मंगलवार शाम को होने वाला सुंदरकांड पाठ जन्मोत्सव के चलते दोपहर दो बजे होगा। यह आयोजन रुचिर कुलकर्णी व सुषुम्ना सावरगांवकर की ओर से किया जा रहा है।

श्री हनुमान मंदिर समिति के साथ महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी सदस्य नमिता शेष ने बताया कि प्रति वर्षानुसार इस साल भी मंडल के आजीवन सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में हनुमान भक्त शाम सात बजे रामरक्षा स्त्रोत के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेंगे। तत्पश्चात श्री हनुमान जी की महाआरती की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक भक्त के हाथ में कम से कम एक दीया अवश्य होगा। महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। तत्पश्चात भजन- कीर्तन होगा।