चैत्र मास हल्दी कुंकू कार्यक्रम में मतदान की दिलाई गई शपथ... संकल्पबद्ध दिखीं महिलाएं
2024-04-23 06:10 PM
397
रायपुर। संस्कार और संस्कृति के संरक्षण के लिए संकल्पबद्ध, समाजसेवा के लिए तत्पर 89 वर्षीय महाराष्ट्र मंडल कभी भी, किसी भी जन जागरूकता अभियान में पीछे नहीं रहा है। यही वजह है की चैत्र मास हल्दी कुंकू और भजन स्पर्धा में उपस्थित 15 केंद्रों की लगभग 400 महिलाओं को शत- प्रतिशत मतदान करने और स्वजनों- परिचितों को वोट डालने की शपथ दिलाने में भी मंडल पीछे नहीं रहा।
महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल में आयोजित महिलाओं के भक्तिमय कार्यक्रम के बीच लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में हुए मतदान के गिरे हुए प्रतिशत पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही स्वयं मतदान कर अधिक से अधिक लोगों को वोट डालने के लिए महिलाओं को प्रेरित भी किया गया।
अध्यक्ष अजय काले के अनुसार महाराष्ट्र मंडल ने इससे पहले भी विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदान करवाने के लिए तीज- त्योहारों के आयोजनों में दर्शकों, आजीवन सभासदों, कर्मचारियों से लेकर विभिन्न मार्गों पर पथिकों को जागरूक किया था। छत्तीसगढ़ के 10 लोकसभा सीटों के लिए होने वाली वोटिंग का प्रतिशत बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र मंडल के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।