दिव्य महाराष्ट्र मंडल

गुदगुदाने के साथ संदेश दे गया मराठी लघु नाटिकाओं का इंद्र धनु

रायपुर। संस्कार भारती के रंग संस्कार महोत्सव की दूसरी प्रस्तुति मराठी हास्य नाटिकाओं इंद्र धनु (इंद्रधनुष) में महत्वपूर्ण संदेशों के साथ ठहाके लगाने के अवसर मिले। 
प्रसन्न निमोणकर निर्देशित इंद्र धनु की पहली लघु नाटिका रक्तदान में गौरी क्षीरसागर ने एक ऐसी महिला का किरदार जीवंत किया, जिसने कभी कोई दान या सहयोग नहीं किया था। लेकिन रक्तदान के बाद उसकी मनोवृति पूरी तरह बदल गई। अगली प्रस्तुति विसंवाद (बहस) के रूप में निर्देशक प्रसन्न निमोणकर ने स्वयं प्रिया बक्षी के साथ मंच साझा किया। इसमें एकाकीपन से बचने के सबसे अच्छे माध्यम के रूप में संवाद अथवा विसंवाद को स्थापित किया गया।
 
इंद्रधनुष की तीसरी प्रस्तुति कलावंत (नाट्य कलाकार) की रही। इसमें व्यावसायिक रंग करने से जुड़े एक युवा का उसके पिता के साथ वैचारिक द्वंद्व को बड़ी बारीकी से चित्रित किया गया है। पवन ओगले युवा कलाकार की भूमिका में जान फूंकने में सफल रहे। वहीं काका प्रेम उपवंशी का दृष्टिकोण भी दर्शकों को प्रभावित कर गया। अगली प्रस्तुति 'हरवलेली' में नायिका कीर्ति हिशीकर एक अनजान बच्ची के मनोभावों को बताने, समझाने में सफल रहीं और दर्शकों को विश्वास दिला सकीं कि स्पर्श मात्र से एक गहरा परिचय व विश्वास निर्मित हो सकता है। 
 
तो पोरगा (एक लड़का) में नायक प्रसन्न निमोणकर बगीचे में टहलते हुए एक 12- 13 साल के स्कूली लड़के को देखते हैं, जो वहां के कचरे को इकट्ठा कर डस्टबीन में डालता है। स्कूल में मध्यांतर के दौरान लड़के का यह कार्य नायक को झकझोरता है। इंद्र धनु की अगली पेशकश मुलाखात अंबुताई ची (अंबुताई का साक्षात्कार) में प्रिया बक्षी सफाई कर्मचारी की संवेदनशील भूमिका को जीने में सफल रहीं। अंबुताई पाठशाला की साफ- सफाई मुफ्त में सिर्फ इसलिए करती है कि उसकी दोनों बेटियां गंगी और मंगी को शाला में प्रवेश मिल जाए और वह शिक्षित हो सके। नारी शिक्षा को लेकर इससे प्रेरक उदाहरण नहीं हो सकता। 'पत्र लिहण्यास कारण की' (पत्र लिखने का कारण है कि) में अस्मिता कुसरे ग्रामीण महिला की भूमिका में छा गईं। उन्होंने रविंद्र ठेंगड़ी के साथ मिलकर दर्शकों को ठहाके लगाने के भरपूर मौके दिए। नेपथ्य में मार्गदर्शक अनिल श्रीराम कालेले हैं। रंगभूषा और वेशभूषा वंदना निमोणकर, संगीत संयोजन भगीरथ कालेले और निर्माण अजय काले का है।