दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल भवन के अधूरे कामों को सालभर में करना है पूरा: काले

- पदाधिकारियों- कार्यकारिणी की बैठक में अध्यक्ष ने नई योजनाओं पर की चर्चा, शुरू होंगे नए प्रकल्प

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के लगातार आठ बार के निर्वाचित अध्यक्ष अजय मधुकर काळे ने कहा कि नवनिर्मित भवन में दो लिफ्ट, पार्किंग में पेवर ब्लॉक और जनरेटर लगाने जैसे कई काम बाकी हैं। इन कामों को नए दो वर्षीय कार्यकाल के पहले साल में पूरा करना है। रविवार को होने वाली वार्षिक सामान्य सभा से पहले बैठक में अध्यक्ष काले अपनी कार्यकारिणी और विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे थे।

मंडल अध्यक्ष ने कहा कि नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के एक वर्ष में हमें कमरों की कमी लगातार महसूस हुई। इससे हमारे भवन की बुकिंग भी प्रभावित हुई। एक वर्ष के अंदर हमें सर्व सुविधायुक्त 16 कमरों का निर्माण भी पूरा करना है। काले ने कहा कि आध्यात्मिक समिति की ओर से प्रति शनिवार राम रक्षा स्त्रोत व हनुमान चालीसा पाठ का सिलसिला 20 सप्ताह से लगातार जारी है। इसमें अधिक ध्यान देकर सफल बनाने की जरूरत है। काले ने कहा कि योग समिति की प्रमुख आस्था काले गत कुछ महीनों से सुबह 6:15 बजे ऑनलाइन योग प्रशिक्षण दे रहीं हैं। इसमें सभासदों की संख्या धीमी गति से बढ़ रही है। इसमें भी हर आयु वर्ग के लोगों को ध्यान देना चाहिए।

सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का 351वां राज्याभिषेक 6 जून को तात्यापारा चौक स्थित शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने भव्य पैमाने पर मनाया जाएगा। इससे पहले शहरभर में कई होर्डिंग लगाए जाएंगे। शिवाजी प्रतिमा के समक्ष विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 351 दीये हाथों पर लेकर भक्तगण की महाआरती करेंगे। राजधानी स्तरीय होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियों के लिए अभी से जुटने की और आयोजन समितियां बनाने की जरूरत है।

सचिव ने कहा कि वीर सावरकर जयंती 28 मई को शाम सात बजे महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में मनाई जाएगी।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रफुल्ल पेंडसे (चार्टर्ड अकाउंटेंट) होंगे। इस आयोजन में भी समस्त कार्यकारिणी सदस्यों व पदाधिकारियों से अपने-अपने साथ 10- 10 सभासदों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। अंत में उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने आभार व्यक्त किया।