महाराष्ट्र मंडल की विशेष साधारण सभा के बाद एजीएम 26 मई को सुबह 9 बजे से
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की विशेष साधारण सभा 26 मई, रविवार को सुबह 9:00 बजे होगी। कोरम के अभाव में बैठक 30 मिनट के लिए निरस्त की जाएगी। 9:30 बजे दोबारा बैठक शुरू होगी और इस बार विशेष सामान्य सभा के लिए कोरम की अनिवार्यता नहीं होगी।
सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि इसमें संविधान संशोधन से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें प्रमुख विषय आजीवन सभासद का शुल्क 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने पर विमर्श करना है। इसी तरह लगभग दो दशक बाद वार्षिक सभासद बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा संभावित है। उक्त सभा के समाप्त होते ही तत्काल वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) होगी। उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन के मुताबिक एजीएम में गत वित्तीय वर्ष के आय- व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर इसे अनुमोदित कराया जाएगा। इसके अलावा सालभर हुई गतिविधियों और कार्यक्रमों की सिलसिलेवार जानकारी दी जाएगी। साथ ही महाराष्ट्र मंडल के दिवंगत सभासदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।