महाराष्ट्र मंडल का सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन संस्कार शिविर 9 जून से
2024-06-01 07:19 PM
456
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल का सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन संस्कार शिविर नौ जून से चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र भवन में शुरू होने जा रहा है। शिविर के प्रभारी श्याम सुंदर खंगन ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में छह साल से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों के लिए होगा। इसमें शामिल होने वाले प्रतिभागियों के अभिभावक अपने बच्चों को प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे शिविर स्थल पर छोड़ेंगे और शाम 6:00 बजे वापस घर ले जाएंगे।
अध्यक्ष अजय काले ने बताया कि शिविर में बच्चों को न केवल अच्छे संस्कार दिए जाएंगे। उनके हुनर को और भी तराशा जाएगा। शिविर में अधिकतम 40 बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा, ताकि सभी के लिए अच्छी तरह व्यवस्था की जा सके।
सचिव चेतन दंडवते के मुताबिक प्रतिदिन सुबह प्रार्थना, सरस्वती वंदना एवं जीवन में उपयोगी जरूरी छोटे- छोटे मंत्रोच्चार सिखाए जाएंगे। इसके बाद स्मरणशक्ति बढ़ाने वाले योग, हल्के- फुल्के व्यायाम और एरोबिक्स पर ध्यान दिया जाएगा। नाश्ता, नींबू पानी- शरबत ब्रेक के बाद इंग्लिश व हिंदी स्पीकिंग कोर्स के साथ राइटिंग और रीडिंग भी कराई जाएगी। आर्ट एवं क्राफ्ट, पेंटिंग, क्ले आर्ट, मूर्ति कला सिखाने के साथ बच्चों के हुनर को निखारा जाएगा।
सह सचिव गीता दलाल ने जानकारी दी कि बौद्धिक व मनोरंजक खेल जैसे शतरंज, कैरम, लूडो, सांप सीढ़ी के माध्यम से बच्चों को व्यस्त रखा जाएगा। भोजन व आराम के बाद सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, आध्यात्मिक कथाएं और प्रेरणास्पद कहानियां सुनाई जाएंगी। बच्चों से कहानियां सुनी भी जाएंगी। बच्चों की किसी एक या दो प्रतिभा को निखारने पर भी ध्यान दिया जाएगा। उत्सुक व उत्साही बच्चों को प्राथमिक तौर पर कंटेम्पररी, जुंबा और क्लासिकल डांस सिखाया जाएगा।