दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सभी समाजों की सेवा करता है महाराष्ट्र मंडलः बृजमोहन

- महाराष्ट्र मंडल की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई सांसद और पद्मश्री अनुज ने

- भवन निर्माण विस्तार के लिए सांसद ने की 10 लाख रुपये देने की घोषणा

 रायपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में महाराष्ट्र मंडल के कार्य अन्य समाजों के लिए अनुकरणीय है। शहर तो क्या प्रदेश में महाराष्ट्र मंडल एक अकेला ऐसा संगठन है जो सभी समाजों की सेवा करता है, उनके विकास के बारे में सोचता है, और काम करता है। महाराष्ट्र मंडल के खचाखच भरे संत ज्ञानेश्वर सभागृह में शपथ ग्रहण समारोह में इस आशय के विचार सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र मंडल की पहचान पूरे देश भर में है। मैं महाराष्ट्र मंडल से कहना चाहता हूं कि समाजसेवा के इतने कार्यों के बीच रायपुर की किसी एक बस्ती को गोद लें, और उस बस्ती को शिक्षित, रोजगार युक्त और सर्वसंपन्न बनाएं। इसके लिए शासन की भरपूर योजनाएं हैं, उन्हें केवल योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समन्वयन का कार्य करना है। बृजमोहन ने महाराष्ट्र मंडल के विस्तार कार्यों के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

बतातें चलें कि महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले को उनकी 14 सदस्यीय नई कार्यकारिणी, 15 समिति के पदाधिकारी और 16 महिला केंद्रों की संयोजिका-सहसंयोजिकाओं के साथ पद और गोपनीयता की शपथ बृजमोहन अग्रवाल और धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने दिलाई। इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल में 16 अतिरिक्त कमरों के निर्माण का शिलान्यास भी अतिथियों ने किया।

विधायक शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि आज बड़ा अच्छा संयोग है कि महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों को शपथ दिलाने पहुंचे रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल आठ बार के विधायक रहे, अजय मधुकर काले आठवीं बार मंडल के निर्विरोध अध्यक्ष बनें वहीं सचिव चेतन दंडवते भी आठ कार्यकाल से सचिव हैं। उन्होंने कहा कि थियेटर की परंपरा को आज मंडल ने जीवित रखा है। वहीं खेल के क्षेत्र में भी इस समाज की कई प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि लगभग 80 साल पहले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार अपने रायपुर प्रवास के समय तात्यापारा चौक स्थित हनुमान मंदिर के ऊपर संचालित महाराष्ट्र मंडल आए थे। अल्प समय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हेडगेवार ने अपील की थी कि महाराष्ट्र मंडल सिर्फ मराठी समाज का ही नहीं बल्कि समस्त समाजों की सेवा करें, मार्गदर्शन करें और सभी को एकजुट करने की दिशा में काम करे। हेडगेवार के मार्गदर्शन के अनुरुप महाराष्ट्र मंडल गत आठ दशकों भी समस्त समाजों के लिए निस्वार्थ भाव से सेवा का कार्य कर रहा है।  कार्यक्रम का संचालन दीपक हटवार ने किया जबकि आभार प्रदर्शन सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने किया।