दिव्य महाराष्ट्र मंडल

‘चेतन का ज्ञान और दीपक का प्रकाश, अजय को बना रहे अजेय'

रायपुर। अपने शताब्दी वर्ष के समीप पहुंच रही सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्था महाराष्ट्र मंडल रायपुर की कार्यकारिणी ने शनिवार, 6 जुलाई को भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। अध्यक्ष पद की शपथ अजय मधुकर काले, सचिव पद की शपथ चेतन गोविंद दंडवते और मेस प्रभारी की शपथ दीपक रघुनाथ किरवईवाले ने ली। चेतन और दीपक समाज सेवा के क्षेत्र में ऐसे नाम हैं, जो अपने अध्यक्ष अजय काले को संबल प्रदान करते हैं। वहीं नई सोच के साथ सर्वसमाज की सेवा में नित नवीन कार्यक्रम चलाते हैं। 

महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अध्यक्ष अजय काले, सचिव चेतन दंडवते और दीपक किरवईवाले को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ 14 समितियों और 16 महिला केंद्रों की टीम ने भी शपथ ली। 

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अजय काले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल विगत 89 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में संत ज्ञानेश्वर स्कूल का संचालन विगत 40 वर्षों से सुचारू रुप से चल रहा है। वहीं 40 वर्षों से कामकाजी महिला वसती गृह और दिव्यांग बालिका छात्रावास का संचालन भी हो रहा है। 

काले ने आगे कहा कि हमने अब चैरिटेबल फिजियोथैरेपी शुरू किया है, जो न्यूनतम दर पर लोगों की सेवा कर रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। समाजसेवा के साथ हमने न्यूज पोर्टल क्षेत्र में भी कदम रखा है। जहां समाज द्वारा समाज के हित में की गई एक्टिविटी को समाज तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है। ताकि समाजसेवा का अधिक से अधिक प्रचार हो और ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़े। इसके साथ हमने निर्माल्य योजना शुरू की है। इसके चलते शहर के प्रमुख मंदिरों से निर्माल्य एकत्र कर उसकी खाद बनाने का प्रोसेस शुरू किया गया है। इसे भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।