दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मोबाइल एडिक्शन के कारण बच्चों को रात में नहीं आती अच्छी नींदः डा. चंद्रकांत वाघ

- संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में हुआ एक दिवसीय वर्कशाप का आयोजन

- किशोरावस्था पर बच्चों के मन में उपजे सवालों का हुआ निदान

रायपुर। बच्चों में मोबाइल एडिक्शन को हम युवा पैरेट्स की लापरवाही कहें या समय की जरूरत। दोनों ही स्थिति में नुकसान सिर्फ बच्चों का है। इन दिनों छोटी उम्र में बच्चों को मोबाइल की ऐसी लत लग गई है कि बच्चों को रात में नींद नहीं आती है। वहीं सुबह उन्हें उठाने के लिए पैरेट्स का काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इससे बचने के लिए हमें रात को भोजन के बाद मोबाइल नहीं देखने की आदत डालनी होगी। जो लोग रात में मोबाइल देख भी रहे वो कमरे की लाइट बंद करके तो मोबाइल बिल्कुल भी न देखें। उक्त बातें डा. चंद्रकांत वाघ ने एक वर्कशाप के दौरान संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के बच्चों से कहीं।

किशोरावस्था में बच्चों के मन में बहुत सारे प्रश्नों का जन्म होता है। उनकी जिज्ञासाओं को शांत करना और सही दिशा प्रदान करना बेहद आवश्यक होता है। ऐसे में महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल ने बच्चों के लिए एक दिवसीय वर्कशाप का आयोजन किया। वर्कशाप में पहुंचे महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद डा. चंद्रकात वाघ ने बच्चों की जिज्ञासाओं को सरलता के साथ शांत किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी मनीषा वाघ भी उपस्थित थीं।

छात्र तन्मय तिवारी ने रात में नींद नहीं आने की बात कहीं। इस पर डाक्टर वाघ ने कहा कि रात में नींद नहीं आने का सबसे बड़ा कारण मोबाइल का एडिक्शन है। वहीं लखन साहू ने सही और स्वास्थ्यवर्धक डाइट को लेकर अपने पूछा। डॉक्टर वाघ ने बच्चों को नशे से दूर रहने तथा नशे की बुरी प्रवृत्तियों के बारे में भी जागरूक किया। इससे पूर्व स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन और उपप्राचार्य राहुल वोडीतेलवार ने डा. वाघ का सूतमाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों के साथ शिक्षिकों की उपस्थिति रही।