महाराष्ट्र मंडल में सुमधुर अंताक्षरी का आगाज... शुभारंभ के साथ ‘झंकार बिट्स’ व ‘गीत गाता चल’ फायनल में
2024-08-10 08:53 PM
1122
रायपुर। बैठे-बैठे क्या करें, करना है कुछ काम, शुरू करें अंताक्षरी, लेकर प्रभु का नाम.... के साथ शुरू हुई महाराष्ट्र मंडल में अंताक्षरी प्रतियोगिता। महाराष्ट्र मंडल रायपुर और सन् एडं सन् ज्वेलर्स द्वारा आयोजित नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता के पहले दिन दो राउंड में 10 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले राउंड में जहां झंकार बिट्स की टीम ने फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं दूसरे राउंड में गीत गाता चल की टीम विजेता रहीं।

सहसचिव मालती मिश्रा ने बताया कि मंडल की खेलकूद समिति की ओर से नगर स्तरीय अंताक्षरी स्पर्धा का सुमधुर आगाज हुआ। पहले दिन दो राउंड हुए। पहले राउंड में मैत्री ग्रुप, ताल तरंग ग्रुप, झंकार बिट्स, आया सावन झूम के और संगीत की देवी सरस्वती ग्रुप शामिल हुए। इस राउंड में झंकार ग्रुप ने अक हजार अंक हासिल का संगीत की देवी सरस्वती ग्रुप से 50 अंकों से परास्त किया। तीसरे स्थान पर 500 अंकों के साथ 'आया सावन झूम के' रहा। 300 अंकों के साथ ताल तरंग चौथे और 250 अंकों के साथ मैत्री ग्रुप पांचवें स्थान पर रहा।

मालती मिश्रा के मुताबिक दूसरा राउंड शिवाय ग्रुप, गीत गाता चल, हमसे है जमाना, सुर संतृप्ति और गुंजन ग्रुप के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में गीत गाता चल ग्रुप ने हमसे हैं जमाना ग्रुप से सिर्फ 50 अंकों की बढ़त बनाई। दोनों टीमों के बीच प्रारंभ से रोचक संघर्ष चलता रहा। कभी ये आगे तो कभी वो आगे। गीत गाता चल ग्रुप को 1150 अंक, हमसे है जमाना को 1100, श्री शिवाय ग्रुप को 600 अंक मिले। वहीं सुर संतृप्ति और गुंजन ग्रुप को 400-400 अंक से संतोष करना पड़ा। इस तरह दूसरे राउंड में गीत गाता चल की टीम फाइनल में पहुंच गई।

खेलकूद समिति के समन्वयक हेमंत मार्डीकर ने बताया कि दूसरे दिन की स्पर्धा 11 अगस्त को सुबह 9.30 से शुरू होगी। दूसरे दिन एकल गायन स्पर्धा का भी आयोजन होगा। अंताक्षरी के सभी राउंड के बीच में एकल गायन स्पर्धा होगी। यानी दोनों स्पर्धाएं साथ-साथ होंगी।