स्वतंत्रता दिवस पर महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुति
रायपुर। देश 15 अगस्त 2024 को अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों में भी ध्वजारोहण और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। महाराष्ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल, दिव्यांग बालिका विकास गृह, शंकर नगर बाल वाचनालय और संत ज्ञानेश्वर स्कूल में ध्वजारोहण किया जाएगा।
महाराष्ट्र मंडल के सचेतक रविन्द्र ठेंगड़ी ने बताया कि मंडल के अध्यक्ष अजय काळे सुबह 7.30 बजे सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में झंडारोहण करेंगे। रायपुर में महाराष्ट्र मंडल विगत 88 वर्षों से सामाजिक सेवा के कार्यों में निरंतर गतिशील है। आजादी के पूर्व से संचालित हो रहे महाराष्ट्र मंडल ने गुलामी के उस दौर को भी देखा है, तो आजादी के लिए खुद को बलिदान करने वाले महान वीरों को भी करीब से जाना है।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 8.30 ध्वजारोहण के साथ बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। आयोजन को लेकर बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पूर्वाभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद और स्टेट बैंक आफ इंडिया के पूर्व मैनेजर उदय चिमोटे होंगे। विशेष अतिथि के रुप में स्कूल के प्रभारी पारितोष डोनगांवकर और सह प्रभारी नवीन देशमुख उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण, अतिथियों का स्वागत के उपरांत बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका गृह में झंडारोहरण का कार्यक्रम सुबह 9 बजे तय किया गया है। समाजसेवी ललित सिंघानिया यहां ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ यहां दिव्यांग बच्चियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं महाराष्ट्र मंडल द्वारा संपोषित शंकर नगर बाल वाचनालय में भी स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यहां पर महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ सदस्य और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व डिप्टी सेकेटरी राजेंद्र बोरकर सुबह 9.00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। जहां शंकर नगर महिला केंद्र की सभी महिलाएं मौजूद रहेंगी।