महाराष्ट्र मंडल में सात सितंबर से गणेशोत्सव का धूम, 8 से 17 तक होंगे विविध आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में कोई गणेशोत्सव की बात करें और महाराष्ट्र मंडल का नाम न आए ऐसा हो ही नहीं सकता। महराष्ट्र मंडल में 7 सितंबर से श्रीगणेश की स्थापना के साथ शुरू होने वाला उत्सव 17 सितंबर तक चलेगा। इन 10 दिनों में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम मंडळ की विभिन्न समितियों द्वारा किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडळ ने गणेशोत्सव पर इस बार भी गणेश उत्सव के सूत्रधार लोक मान्य बाल गंगाधर तिलक की फोटो लगाने का आह्वान राजधानी की सभी गणेश समितियों से किया है।
गणेश उत्सव समिति प्रभारी दीपक किरवईवाले ने बताया कि 7 सितंबर को भगवान श्रीगणेश की स्थापना, पूजा और सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ होगा। वहीं 8 सितंबर को दोपहर 12 बजे महाराष्ट्र नाट्य मंडल की ओर से शालेय और समाज स्तरीय बाल नाट्य स्पर्धा का आयोजन किया गया है। 9 सितंबर को दोपहर 3 बजे सांस्कृतिक समिति की ओर से शालेय और समाज स्तरीय शास्त्रीय नृत्य स्पर्धा का आयोजन रखा गया है। उत्सव के चौथे दिन मंगलवार 10 सितंबर को दोपहर 4 बजे से से युवा समिति की ओर से शालेय विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद सुलेख और निबंध प्रतियोगिता होगी।
किरवईवाले ने आगे बताया कि बुधवार 11 सितंबर को खेल समिति की ओर से संत ज्ञानेश्वर स्कूल, दिव्यांग बालिका विकास गृह, कामकाजी महिला वसती गृह और छात्रावास में रहने वालों के लिए खेलकूद का आयोजन होगा। वहीं गुरुवार 12 सितंबर को मराठी साहित्य समिति की ओर से ‘एक सामाजिक कार्य, जिससे देशभर में रायपुर की पहचान’ विषय पर नागरिक संवाद का आयोजन किया गया है। इसके साथ 13 सितंबर की शाम 7 बजे से श्रीमती कमलताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा का आयोजन होगा।
उन्होंने आगे बताया कि 14 सितंबर शनिवार शाम रंगभूमि के कलाकार हिंदी नाटक धर्म और छत्तीसगढ़ी नाटक अगोरा का मंचन करेंगे। दोनों नाटकों में दिग्दर्शक की भूमिका में आचार्य रंजन मोड़क होंगे। वहीं 15 सितंबर को महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासदों के लिए विविध कार्यक्रम का आयोजन होगा। 16 सितंबर को महाराष्ट्र नाट्य मंडल की ओर से मराठी एकांकिका ‘भानगड़ पहावी लपवून’ का मंडल किया जाएगा। जिसमें दिग्दर्शक प्रसन्न निमोणकर होंगे। नाटक के मार्गदर्शक प्रा. अनिल श्रीराम काळेले है।