दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल ने सफाई अभियान चलाकर दिया स्वच्छ रायपुर का संदेश

- अनुपम गार्डन के पास चलाया अभियान... लोगों को किया जागरूक

रायपुर। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार, 2 अक्टूबर को महाराष्ट्र मंडल की टीम ने व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ रायपुर का संदेश सभी को दिया। सभी ने अनुपम गार्डन के प्रवेश द्वार के पास सफाई अभियान चलाया। हाथों में झाड़ू लेकर मुख्य द्वार के पास फैले कचरों की सफाई की।

महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने कहा कि हमें सिर्फ एक दिन ही नहीं अपितु प्रतिदिन स्वच्छता को लेकर सजग रहना चाहिए। निगम के सफाई कर्मचारियों को हमें सलाम करना चाहिए, वे प्रतिदिन लोगों के घरों से कचरों को लेकर उसका निष्पादन करते है। महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने स्वच्छता संदेश देते हुए कहा कि आज हम संकल्प लें कि हम कचरा नहीं फैलाएंगे। चलती गाड़ी से कचरा बाहर फेंकने वालों को टोकेंगे।

कामकाजी महिला वसती गृह की प्रभारी नमिता शेष ने कहा कि कोरोना जैसी भयावह बीमारी हमें बहुत कुछ सीखा गई। अपने साथ अपने आसपास की साफ-सफाई रखने बेहद जरूरी है।  कला एवं संस्कृति समिति की प्रमुख भारती पलसोदकर ने मंडल के सफाई अभियान में जुटने वाले सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सफाई अभियान हमें प्रतिदिन चलाना चाहिए। कोई जरूरी नहीं कि हम आयोजन और एक साथ एकत्र होकर ही सफाई करें। घर और अपने मोहल्ले को स्वच्छ रखने का बीड़ा हमें उठाना होगा।

इस अवसर पर मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, दिव्यांग बालिका  विकास गृह प्रभारी प्रसन्न निमोणकर, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, भालचंद्र पलसोदकर, दीपक पात्रीकर, शेखर क्षीरसागर, अपर्णा देशमुख, दिव्या पात्रीकर, अर्चना मुकादम, किशोर साहू, अविनाश बल्लाल,  प्रमुख रुप से उपस्थित थे।