दिव्य महाराष्ट्र मंडल

स्वच्छता अभियान: सीएम ने महाराष्ट्र मंडल का किया सम्मान

0- सम्मान लेने से पहले मंडल की जंबो टीम ने अनुपम गार्डन- डूंगाजी कालोनी क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान

रायपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागृह में बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराष्ट्र मंडल को लगातार स्वच्छता अभियान चलाने और साफ- सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मंच पर सीएम के साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, रायपुर उत्तर क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

महाराष्ट्र मंडल की ओर से मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन और सखी निवास प्रभारी नमिता शेष ने मुख्यमंत्री के हाथों स्वच्छता सम्मान ग्रहण किया। इस मौके पर मंच पर सांसद बृजमोहन ने महाराष्ट्र मंडल की ओर से किए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना की। वहीं मुख्यमंत्री साय ने सांसद बृजमोहन से कहा कि मैं महाराष्ट्र मंडल के कार्यों से परिचित हूं और प्रभावित भी। विधायक पुरंदर मिश्रा और नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने भी मंच से महाराष्ट्र मंडल के स्वच्छता अभियान की प्रशंसा की और सम्मानित होने के लिए बधाई  दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंडल के पदाधिकारी और सभासद सभागृह में उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल का स्वच्छता अभियान नियमित चलने वाला एक सामाजिक व प्रेरक कार्य है। प्रियदर्शिनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के आसपास बस्तियों में, शंकर नगर बाल वाचनालय- उद्यान के समीपस्थ बस्तियों में, चौबे कॉलोनी-  समता कॉलोनी से लगी हुई बस्तियों में, रोहिणीपुरम, रायपुरा, सुंदर नगर से लगी हुई बस्तियों में सफाई को लेकर मंडल की ओर से सालभर जन जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इसके लिए बकायदा नुक्कड़ नाटक किए जाते हैं। स्वच्छता को लेकर महाराष्ट्र मंडल की ओर से सतत् किए जाने वाले कार्यों का ही नतीजा है कि आज मुख्यमंत्री साय ने हमें सम्मानित किया। 

सम्मान समारोह में शामिल होने से पहले सुबह 7:30 बजे महाराष्ट्र मंडल की जंबो टीम ने महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के नेतृत्व में अनुपम गार्डन व आयुर्वेदिक कॉलेज- डूंगाजी कॉलोनी परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। लोगों ने इस मौके पर न केवल झाड़ू लगाकर आसपास के क्षेत्र की सफाई की, बल्कि अनुपम उद्यान व सड़क के राहगीरों को साफ- सफाई के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर कला एवं संस्कृति समिति की समन्वयक भारती पलसोदकर, भालचंद्र पलसोदकर, शेखर क्षीरसागर, वरिष्ठजन सेवा समिति के प्रभारी दीपक पात्रीकर, दिव्या पात्रीकर, अपर्णा देशमुख, अर्चना मुकादम, किशोर साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व आजीवन सभासद उपस्थित रहे।