दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष और आफिस स्टाफ नवनिर्मित कक्ष में शिफ्ट

- कोजागिरी पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य चेतन दंडवते ने पूजा के बाद कराया प्रवेश

रायपुर। कोजागिरी पूर्णिमा के अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष और आफिस स्टाफ नवनिर्मित कक्ष में शिफ्ट किया गया। दोनों नवनिर्मित कक्ष चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल परिसर पर ही है।

सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने यजमान मेस प्रभारी दीपक किरवईवाले व उनकी पत्नी कल्पना किरवईवाले के साथ विधिवत पूजा और होम हवन के बाद महाराष्ट्र मंडल के कर्मचारियों और पदाधिकारियों को नये कार्यालय कक्ष में प्रवेश कराया। इस मौके पर बृहन्नमहाराष्ट्र मंडल के उपाध्यक्ष शेखर राव साहेब अमीन एवं छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुबोध टोले ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले सम्मेलन की बृहन्नमहाराष्ट्र मंडल नईदिल्ली ने विधिवत तिथि 10,11 और 12 जनवरी 2025 घोषित कर दी है। यह सम्मेलन रायपुर में ही आयोजित किया जाएगा और रायपुर का महाराष्ट्र मंडल मुख्य आयोजक की भूमिका में होगा।

सुबोध टोले ने बताया कि बृहन्नमहाराष्ट्र मंडल के देशभर से जुटने वाले लगभग 350 प्रतिनिधि भावी योजनाओं, कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे। इस मौके पर प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिसे लेकर अतिशीघ्र तैयारियां शुरू हो जाएगी। बड़े पैमाने पर होने वाले इस आयोजन को लेकर महराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले और सचिव चेतन दंडवते से सलाह मशविरा करने के बाद लगभग एक दर्जन समितियां शीघ्र ही घोषित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने कोजागिरी के अवसर पर सुरुचि भोज के बाद दुग्ध पान का आनंद लिया।