शिक्षा-कैरियर-लाइफ स्टाइल

CBSE 12वीं का परिणाम घोषित... इस बार भी लड़कियों ने मारी बाजी

डेस्क। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष परिणाम 88.39 फीसद रहा है, जो पिछले साल की तुलना में थोड़ा बेहतर है। CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर छात्र अपने रोल नंबर और स्कूल कोड की मदद से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा डिजिलॉकर और UMANG ऐप के जरिए भी मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। पिछले साल सीबीएसई बोर्ड 12वीं का कुल पासिंग प्रतिशत 87.98% रहा था, जो 2023 (87.33%) से थोड़ा ज्यादा था। त्रिवेंद्रम रीजन का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा था जिसकी पास दर 99.91% रही थी। दूसरे नंबर विजयवाड़ा और चेन्नई रहे थे।

पिछले साल की तुलना में पास होने वालों का प्रतिशत 0.41% बढ़ा है। लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 91% से ज्यादा रहा, जो लड़कों से 5.94% अधिक है। देश में इस साल कुल 17,04,367 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 16,92,794 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 14,96,307 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। 2024 में पास प्रतिशत 87.98% रहा था, जबकि इस साल 88.39% छात्रों ने सफलता हासिल की है। यानी इस बार 0.41% की बढ़त देखने को मिली है।

CBSE ने इस साल भी टॉपर्स की कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। बोर्ड का मानना है कि इससे अनावश्यक प्रतियोगिता से बचा जा सकता है। हालांकि, जिन छात्रों ने 90% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें डिस्टिंक्शन के रूप में सराहा जाएगा। इसके अलावा, DigiLocker, UMANG ऐप, और SMS सेवाओं के जरिए भी रिजल्ट चेक किया जा सकता है।