"सभी के लिए पोषण: एक साथ, स्वस्थ भारत की ओर" थीम पर पांचवां पोषण पखवाड़ा 20 मार्च से
2023-03-19 12:43 PM
395
नईदिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ 20 मार्च से 3 अप्रैल तक पांचवां पोषण पखवाड़ा मनाएगा। पखवाड़ा का उद्देश्य, जन आंदोलन और जन भागीदारी के माध्यम से पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना और खाने की स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 8 मार्च 2018 को शुरू किया गया पोषण अभियान, लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और पोषण पर चर्चा को मुख्य-धारा में लाने में सहायक रहा है। पोषण अभियान की शुरुआत पोषण संबंधी परिणामों में समग्र रूप से सुधार लाने के उद्देश्य से की गयी थी। कुपोषण-मुक्त भारत के वांछित लक्ष्यों को प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण घटक है- व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर व्यवहार परिवर्तन।

पोषण पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष मार्च के महीने में 15 दिनों तक मनाया जाता है। इसी तरह, सितंबर के महीने को, पूरे देश में राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। अब तक मनाए गए पोषण माह और पखवाड़ा में; सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, अग्रिम पंक्ति की संस्थाओं, मंत्रालयों के साथ-साथ आम लोगों की व्यापक भागीदारी देखी गयी है। पोषण पखवाड़ा, 2022 में देश भर में करीब 2.96 करोड़ कार्यक्रम आयोजित किये गए थे।
पोषण पखवाड़ा 2023 की थीम है- "सभी के लिए पोषण: एक साथ, स्वस्थ भारत की ओर।" 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटे अनाज वर्ष के रूप में घोषित होने के साथ, इस वर्ष पोषण पखवाड़ा का केंद्र-बिंदु, कुपोषण को दूर करने के लिए एक मूल्यवान संपत्ति के रूप में 'श्री अन्न' -जिसे सभी अनाजों की जननी कहा जाता है- को लोकप्रिय बनाने पर होगा।