आज शाम तय होगा दिल्ली का सीएम कौन... रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ बनाए गए पर्यवेक्षक
डेस्क। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता के चयन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को पार्टी ने अपना केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बुधवार यानी आज शाम 7 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक में ये साफ हो जाएगा कि दिल्ली का अगला सीएम कौन होगा।
पार्टी नेताओं ने बताया कि दिल्ली भाजपा कार्यालय में शाम करीब सात बजे शुरू होने वाली विधायक दल की बैठक में पार्टी के 48 विधायक दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुनेंगे, जो मुख्यमंत्री बनेगा। बैठक भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों प्रसाद और धनखड़ की उपस्थिति में होगी। पार्टी विधायकों द्वारा नेता चुने जाने के बाद भावी मुख्यमंत्री सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजनिवास में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगे।
रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह इस बीच, रामलीला मैदान में नयी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार दोपहर में होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।