गुजरात के एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट.... 11 मजदूरों की मौत; 3 गंभीर
डेस्क। गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार यानी 1 अप्रैल को हुए भीषण विस्फोट में 11 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। फैक्ट्री में लगी आग पर अब काबू पा लिया गया है, लेकिन हादसे की वजह से फैक्ट्री के बिल्डिंग का स्लैब गिरने से कई श्रमिक फैक्ट्री के अंदर फंस गए थे।
एसडीएम नेहा पांचाल ने जानकारी दी कि पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से विस्फोट हुआ। इस धमाके से बिल्डिंग का स्लैब गिर गया, जिससे फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक 11 मजदूरों की मौत हो चुकी थी। घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।
डीसा के विधायक प्रवीण माली ने बताया कि यह फैक्ट्री दीपक ट्रेडर्स के नाम से संचालित थी, जो खुद को विस्फोटक लाकर पटाखे बनाने वाला बताता था। हालांकि, उसे केवल पटाखे बेचने का लाइसेंस था, न कि बनाने का। यह फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही थी और उसके पास पटाखे बनाने का लाइसेंस नहीं था। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।