डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने भारतीय डाक सुधारों की समीक्षा की: तकनीक-संचालित सुधार ने गति पकड़ी
देश के सबसे स्थायी सार्वजनिक संस्थानों में से एक डाक विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में केंद्रीय संचार और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने मेल परिचालन, पार्सल परिचालन और व्यवसाय रणनीति प्रभागों की उच्च स्तरीय समीक्षा की अध्यक्षता की।
यह रणनीतिक समीक्षा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के कुशल नेतृत्व में सरकार के व्यापक सुधार एजेंडे का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय डाक को एक प्रौद्योगिकी-संचालित, नागरिक-केंद्रित लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स प्रदाता के रूप में पुनः स्थापित करना है।
डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि यह परिवर्तन केवल आधुनिकीकरण का प्रयास नहीं है, बल्कि तेज़ी से विकसित हो रही डिजिटल अर्थव्यवस्था में भारतीय डाक की भूमिका की एक मौलिक पुनर्कल्पना है। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक की बेजोड़ उपस्थिति को अब अत्याधुनिक डिजिटल क्षमताओं से सक्षम किया जाना चाहिए। यह परिवर्तन दूर-दराज़ के गांव से लेकर व्यस्ततम महानगरीय क्षेत्र तक, हर भारतीय के लिए पैमाने, गति और सेवा के बारे में है।भारतीय डाक विभाग वर्तमान में आईटी 2.0 ढांचे के अंतर्गत एक व्यापक, प्रौद्योगिकी-संचालित परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। यह पहल रणनीतिक रूपरेखा का हिस्सा है जिसका उद्देश्य भारतीय डाक को लॉजिस्टिक्स उद्योग में, विशेष रूप से तेज़ी से बढ़ते ई-कॉमर्स पार्सल वितरण क्षेत्र में, एक मज़बूत प्रतियोगी के रूप में स्थापित करना है।
पेम्मासानी को वास्तविक समय पर ट्रैक और ट्रेस क्षमताओं, थोक ग्राहकों के लिए अनुकूलित सेवाओं, डिलीवरी का इलेक्ट्रॉनिक प्रमाण, ओटीपी-आधारित प्रमाणीकरण, डिजिटल भुगतान और एपीआई एकीकरण को शुरू करने के लिए डिज़ाइन किए गए उन्नयन के बारे में जानकारी दी गई।
डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि इन सुधारों से भारतीय डाक को अग्रणी बाज़ार में निर्बाध, संपूर्ण लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होना चाहिए। उन्होंने तकनीक-सक्षम सेवाओं का लाभ उठाकर नए युग की मांगों को पूरा करने के लिए देश की सबसे पुरानी डिलीवरी सेवा को नए सिरे से तैयार करने का भी आह्वान किया।
अधिकारियों ने मंत्री महोदय को बताया कि वर्तमान में 86,000 से ज़्यादा डाकघर इस नए एप्लिकेशन का उपयोग कर रहे हैं। 4 अगस्त, 2025 तक लगभग 1,65,000 डाकघरों का पूरा नेटवर्क इस नए प्लेटफ़ॉर्म पर स्थानांतरित हो जाएगा।
विभाग ने उद्योग के अनुरूप सभी श्रेणियों के डाक और पार्सल के लिए समर्पित वितरण केंद्र स्थापित करके केंद्रीकृत वितरण शुरू किया है, जो मौजूदा डाकघरों के सेवा क्षेत्रों को एकीकृत करते हैं। ये वितरण केंद्र विभाग को रविवार और छुट्टियों के दिनों में, साथ ही सुबह और शाम के वितरण विकल्पों सहित लचीली वितरण सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम बनाएंगे। पहले चरण के दौरान देश भर में कुल 344 वितरण केंद्र शुरू किए गए हैं।