मुंबई। देशभर में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर धूमधाम से दही हांडी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र की धरती पर इस साल का सबसे बड़ा और रोमांचक कारनामा देखने को मिला। ठाणे में आयोजित संस्कृति दही हांडी उत्सव में जोगेश्वरी के कोकण नगर गोविंदा पथक ने नया इतिहास रच दिया। इस टीम ने 10 मंजिला ऊंचा मानव पिरामिड बनाकर 2025 का पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस रिकॉर्ड को देखकर उत्साह जताया और कहा – “यह केवल रिकॉर्ड नहीं, बल्कि एकाग्रता, टीमवर्क और संगठन का प्रतीक है।”इससे पहले लगातार 5 साल तक जय जवान मित्र मंडल गोविंदा पथक ने 9 मंजिला मानव पिरामिड का रिकॉर्ड कायम किया था। लेकिन इस बार उसी इलाके की दूसरी टीम कोकण नगर ने बाजी मारते हुए 10 मंजिल का पिरामिड खड़ा कर दिया।
इस बार की खासियत यह रही कि गोविंदाओं ने पिरामिड में ‘चार एक्का’ यानी एक के ऊपर एक चार गोविंदों को खड़ा किया, जिसने दर्शकों का रोमांच दोगुना कर दिया।
वहीं दूसरी ओर मुंबई के वर्ली इलाके में भी जन्माष्टमी की धूम देखने को मिली। विधायक आदित्य ठाकरे कई दही हांडी कार्यक्रमों में पहुंचे, गोविंदा पथकों का उत्साहवर्धन किया और पुरस्कार वितरण में भी शामिल रहे।
इस तरह दही हांडी 2025 का पहला ही दिन महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक बन गया, जिसने न केवल दर्शकों को रोमांचित किया बल्कि मुंबई का नाम एक बार फिर रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा दिया।