देश-विदेश

बदलापुर में प्रधानमंत्री का अपमान, उल्टा लिखा गया शिलापट्ट ग्रामीणों में आक्रोश

जौनपुर। बदलापुर विकासखंड के इनामीपुर ग्राम सभा में पंचायत भवन पर लगे शिलापट्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम उल्टा लिखे जाने से क्षेत्र में तीखा आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे लापरवाही नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया अपमानजनक कृत्य करार दिया है।

स्थानीय लोगों ने खुलासा किया कि पंचायत भवन के पास लगे एक अन्य शिलाखंड पर गांव का परिचय भी गलत है, जो कथित तौर पर किसी अन्य गांव से चुराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत बार-बार ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे प्रधानमंत्री का घोर अपमान बताते हुए कड़ा रुख अपनाया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी की राजनीतिक पहुंच के चलते उन्हें एक दर्जन से अधिक गांवों का प्रभार सौंपा गया है। साथ ही बीडीओ पर भी सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

भाजपा नेता मिथिलेश सिंह ने स्थानीय विधायक से तत्काल हस्तक्षेप और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जिला अधिकारी से इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने की भी अपील की है।
 

क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। 

----------