देश-विदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की कड़ी निंदा, विश्व हिंदू परिषद ने की सख्त जाँच की माँग

नई दिल्ली| दिल्ली की लोकप्रिय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कड़े शब्दों में निंदा की है। विहिप ने इसे न केवल एक जनप्रतिनिधि पर हमला, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और दिल्ली की जनता की भावनाओं पर प्रहार बताया है। संगठन ने इस घटना के पीछे गहरे षड्यंत्र की आशंका जताते हुए जिहादी मानसिकता से प्रेरित संगठनों या अराजकता फैलाने वाले वामपंथी समूहों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।


विहिप के दिल्ली प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने प्रेस वक्तव्य जारी कर इस घटना की गहन जाँच की माँग की है। उन्होंने कहा, “यह कायरतापूर्ण कृत्य किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम हो सकता है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

रेखा गुप्ता ने अपने कार्यकाल में दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए कई उल्लेखनीय कदम उठाए हैं। उनके नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार देखने को मिला है। गरीबों, झुग्गी-बस्तियों और श्रमिकों के लिए शुरू की गई योजनाओं ने उन्हें जन-जन में लोकप्रिय बनाया है। उनकी सादगी और कर्मठता ने हर वर्ग के बीच उन्हें एक प्रेरणादायी नेता के रूप में स्थापित किया है।

विश्व हिंदू परिषद ने मुख्यमंत्री के प्रति पूर्ण समर्थन जताते हुए कहा कि इस तरह के कायरतापूर्ण प्रयास उनके संकल्प को और मजबूत करेंगे। विहिप ने बजरंगबली के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस घटना ने दिल्ली की राजनीति में हलचल मचा दी है, और जनता के साथ-साथ विभिन्न संगठन भी इसकी निष्पक्ष जाँच की माँग कर रहे हैं।
----------