देश-विदेश

अपार्टमेंट ढहने से तबाही – 15 की मौत, मासूम की बर्थडे पार्टी मातम में बदली

विरार।  महाराष्ट्र के वसई-विरार शहर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। विजय नगर इलाके में रामाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे हुए भीषण हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद से ही एनडीआरएफ, वसई-विरार महानगरपालिका और स्थानीय पुलिस की टीमें दिन-रात राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे को 30 घंटे से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है, लेकिन मलबे में दबे लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब जॉयल परिवार अपनी मासूम बेटी उत्कर्षा का पहला जन्मदिन मना रहा था। घर को सजाया गया था, केक काटा गया और खुशियों के पल तस्वीरों में कैद किए गए। लेकिन पार्टी शुरू होने के महज पांच मिनट बाद ही अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा पास की चॉल पर गिर पड़ा। इस हादसे में मासूम उत्कर्षा और उसकी मां आरोही जॉयल की मौत हो गई, जबकि पिता ओंकार जॉयल अब तक लापता हैं।

एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सात लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला। इनमें से कुछ घायलों को विरार और नालासोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

विरार और वसई इलाके में अवैध और अनधिकृत इमारतों का जाल लगातार फैल रहा है। महज 15 दिन पहले भी एक अवैध निर्माण में कांच की स्लैब गिरने से दो मजदूरों की मौत हुई थी। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और सुस्त कार्यशैली सवालों के घेरे में है।

इस हादसे के बाद विरार पुलिस ने बिल्डर नितल गोपीनाथ साने और जमीन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला महाराष्ट्र प्रादेशिक नगररचना अधिनियम की धारा 52, 53 और 54 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत दर्ज किया गया है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

----------