दिल्ली। स्कूली बच्चों के लिए महंगी किताबें और यूनिफॉर्म के मामले में दिल्ली सरकार सख्ती बरतने के लिए तैयार है। दिल्ली सरकार ने ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा है कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ प्राइवेट स्कूल सरकार की गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए मिले हैं।
दरअसल, दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के कुछ पैरेंट्स की शिकायत के बाद शिक्षा मंत्री आतिशी ने सख्त कार्रवाई की बात कही। पैरेंट्स ने दिल्ली सरकार को कुछ प्राइवेट स्कूलों में महंगी किताबें और यूनिफॉर्म बेचने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने अधिकारियों को ऐसे प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।
वहीं शिक्षा मंत्री आतिशी ने ट्वीट पर लिखा, 'दिल्ली सरकार की गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए, कुछ प्राइवेट स्कूल पैरेंट्स को महंगी किताबें और यूनिफार्म खरीदने पर बाध्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर अधिकारियों को ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने को कहा गया है।'