देश-विदेश

चेक क्लियरेंस में क्रांति: अब उसी दिन खाते में आएंगे पैसे

नई दिल्ली| भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 4 अक्टूबर 2025 से फास्ट चेक क्लियरेंस सिस्टम लागू कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत चेक जमा करने पर पैसा उसी दिन खाताधारक के खाते में जमा हो जाएगा, जिससे पहले की तरह 1-2 दिन का इंतजार खत्म हो गया है।

RBI ने कंटीन्यूअस चेक क्लियरेंस सिस्टम शुरू किया है। अब सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा चेक की इमेज और डेटा तुरंत स्कैन कर क्लियरिंग हाउस को भेजा जाएगा। बैंकों को शाम 7 बजे तक चेक की पुष्टि करनी होगी, वरना चेक स्वतः क्लियर मान लिया जाएगा।

पहला चरण (4 अक्टूबर 2025 – 2 जनवरी 2026): बैंकों को चेक पुष्टि के लिए शाम 7 बजे तक का समय मिलेगा।
दूसरा चरण (3 जनवरी 2026 से): चेक पुष्टि के लिए केवल 3 घंटे का समय होगा। उदाहरण के लिए, सुबह 10 बजे जमा चेक को दोपहर 2 बजे तक क्लियर करना होगा।

यह व्यवस्था पहले दिल्ली, मुंबई, चेन्नई जैसे बड़े शहरों के क्लियरिंग ग्रिड पर लागू होगी। इसके बाद इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।
 

नए सिस्टम से बैंकिंग प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी। ग्राहक पहले से चेक का विवरण बैंक को देंगे, जिससे धोखाधड़ी की आशंका कम होगी और गलत चेक क्लियर होने से बचेंगे। यह कदम बैंकिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगा और चेक भुगतान को और सहज बनाएगा। 

----------