मजदूरों से भरी बस हाईटेंशन लाइन से टकराई, आग लगी और सिलेंडर फटे
डेस्क। जयपुर में मंगलवार सुबह मनोहरपुर इलाके में मजदूरों को लेकर जा रही एक स्लीपर बस हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। बस में करंट दौड़ते ही उसमें आग लग गई। बस में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटते चले गए। चीख-पुकार मच गई। हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 झुलस गए।
बताया जा रहा है कि बस में 50 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जिनमें से अधिकतर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर टोडी स्थित ईंट भट्टे पर काम करने जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की।
गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया है, जबकि अन्य को शाहपुरा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में 5 से ज्यादा सिलेंडर रखे गए थे, जिनमें ब्लास्ट हुआ। इससे आग और तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन को कई बार हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इससे पहले भी राजस्थान में ऐसे हादसे हो चुके हैं — 14 अक्टूबर को जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर बस में आग लगी थी, जिसमें 27 लोगों की मौत हुई थी।