उत्तराखंड में नई होम स्टे पॉलिसी की तैयारी, केवल स्थानीय लोगों को मिलेगा पंजीकरण
2025-11-12 12:10 PM
29
देहरादून| उत्तराखंड सरकार जल्द ही नई होम स्टे पॉलिसी लागू करने जा रही है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देना और बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा योजना के दुरुपयोग को रोकना है। नई पॉलिसी में पंजीकरण केवल स्थानीय लोगों के लिए ही खुला रहेगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पॉलिसी में पंजीकरण के मानक को और सख्त बनाया जाएगा। अब केवल स्थानीय लोगों के स्वामित्व वाले भवनों, जिनमें अधिकतम छह कमरे हों, को ही होम स्टे के रूप में पंजीकृत करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, बाहरी व्यक्तियों द्वारा रियायती दरों पर बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े प्रावधान शामिल किए जाएंगे।
वर्तमान में राज्य में लगभग 5,000 होम स्टे पंजीकृत हैं, लेकिन कई मामलों में बाहरी लोगों द्वारा इनका संचालन करने की शिकायतें मिली हैं। अधिकारियों का मानना है कि नई नीति से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और पर्यटन क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ेगी।
पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नीति का मसौदा तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसे मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।