सरदार पटेल की जयंती पर अखंड भारत का संदेश
2025-11-21 10:05 AM
28
वाराणसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को विधानसभा शहर उत्तरी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा की शुरुआत मलदहिया चौराहा स्थित पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई और लहुराबीर चौराहा, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय, तेलियाबाग होते हुए पटेल धर्मशाला तक पहुंचकर सभा में परिणित हुई।
अखंड भारत के निर्माता को श्रद्धांजलि
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत का स्वरूप बदलकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनकी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पदयात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के शिरमौर लौह पुरुष पटेल का जीवन हर नागरिक को प्रेरित करता है।
तिरंगा और जयघोष बना आकर्षण
यात्रा के दौरान मंत्री सहित हजारों लोगों के हाथों में तिरंगा था और भारत माता की जय के साथ “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता और एक भाव से चलना ही इस यात्रा का सबसे बड़ा संदेश रहा—एकता ही राष्ट्र की शक्ति है।
जनसामान्य की व्यापक भागीदारी
इस पदयात्रा में लगभग 2000 से अधिक लोग शामिल हुए। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अरविंद सिंह, जगदीश त्रिपाठी, ओ.पी. सिंह सहित समस्त मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
वाराणसी की इस पदयात्रा ने यह स्पष्ट कर दिया कि सरदार पटेल की जयंती केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि भारत की एकता और अखंडता के संकल्प को पुनः जीवित करने का अवसर है। लौह पुरुष की विरासत आज भी जनमानस को एक सूत्र में बांधने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का मार्ग दिखाती है।