बीएससी की एक स्टूडेंट ने सिर्फ इसलिए फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, क्योंकि उसका एक पेपर बिगड़ गया था। उसने अपने पिता के नाम पर एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने 'Dear Papa, I'm Sorry' लिखा है। खुदकुशी से पहले उसने माता-पिता से बात भी की थी। वह पेपर बिगड़ने को लेकर तनाव में थी। मां ने छात्रा को समझाया भी था। इसके बावजूद भी वह निराशा में रही और आखिरकार उसने खुदकुशी का रास्ता चुन लिया।
इस मामले को लेकर TI शशिकांत चौरसिया ने बताया कि एक्रोपालिस कॉलेज की स्टूडेंट हर्षिता (21) पुत्री विनोद शिंदे संत नगर में किराये के कमरे में रहती थी। वह मूल रूप से ग्राम सिंघाना धार की रहने वाली थी। वह बीएससी फाइनल ईयर में थी। उसकी परीक्षा चल रही थी। उसका एक पेपर बिगड़ गया था। मंगलवार शाम पुलिस को हर्षिता के सुसाइड की सूचना मिली थी।
पिता के नाम दो लाइन
पुलिस को हर्षिता के कमरे से एक बुक में एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने 'Dear Papa, I'm Sorry'लिखा है। इसके बाद दो लाइन में लिखा है कि आपकी बेटी बहुत स्ट्रॉन्ग है, पर यहां आपकी बेटी हार गई पापा। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा दिया था। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर धार के लिए रवाना हो गए।
हर्षिता के चचेरे भाई विनोद ने बताया कि उसने अपनी मां संगीता से मोबाइल पर मंगलवार सुबह बात की थी। उसने बताया था कि सोमवार को उसका जो केमिस्ट्री का पेपर था। वह बिगड़ गया। इससे वह बहुत परेशान है। मां संगीता ने उसे समझाया भी था।