देश-विदेश

एक मार्च से WhatsApp पर नया नियम लागू.... बिना एक्टिव सिम नहीं चलेगा अकाउंट

डेस्क। अगर आप WhatsApp, Telegram या मोबाइल Signal का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि एक मार्च 2026 से SIM-Binding नियम में कोई ढील नहीं दी जाएगी। यानी अब मैसेजिंग ऐप्स को एक्टिव SIM कार्ड से लगातार जुड़ा रहना अनिवार्य होगा।

सरकार के मुताबिक, जिस मोबाइल नंबर से आपने WhatsApp या अन्य मैसेजिंग ऐप पर अकाउंट बनाया है, वही SIM आपके फोन में एक्टिव रहनी चाहिए। अगर SIM हटाई जाती है या इनएक्टिव हो जाती है, तो उस डिवाइस पर ऐप की सेवाएं काम करना बंद कर सकती हैं।अब तक 6-डिजिट OTP डालकर एक बार लॉगिन करने के बाद SIM की मौजूदगी लगातार चेक नहीं होती थी, लेकिन नए नियम के तहत हर समय SIM का एक्टिव और फोन में मौजूद होना जरूरी होगा।

Department of Telecommunications यानी DoT ने 28 नवंबर 2025 को यह नियम जारी किया था और कंपनियों को इसे लागू करने के लिए 90 दिन का समय दिया था। अब 1 मार्च 2026 तक सभी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को इस सिस्टम को पूरी तरह लागू करना होगा।

साथ ही, वेब और डेस्कटॉप यूजर्स के लिए भी नया प्रावधान किया गया है। अगर आप कंप्यूटर या वेब पर WhatsApp चला रहे हैं, तो हर छह घंटे में ऑटो लॉगआउट होगा और दोबारा QR कोड स्कैन कर लॉगिन करना पड़ेगा।सरकार का कहना है कि यह कदम डिजिटल फ्रॉड, फर्जी नंबरों के दुरुपयोग और साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है। ऐसे में सभी यूजर्स को सलाह दी गई है कि 1 मार्च से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनका मोबाइल नंबर और SIM पूरी तरह एक्टिव है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

----------