देश-विदेश

मन की बात @100 पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, अभिनेता आमिर खान, किरण बेदी, रिकी केज और सुश्री निकहत जरीन की होगी भागीदारी

नईदिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय 26 अप्रैल को नई दिल्ली में मन की बात पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन कर रहा है। इसका उद्घाटन सुबह 10 बजे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। बतादें कि 3 अक्टूबर, 2014 को शुरू हुआ यह प्रसारण 'मन की बात' राष्ट्रीय परंपरा बन गई है। इसमें प्रधानमंत्री हर माह राष्ट्र को संबोधित करते हैं। 
 
संगोष्ठी में देश के विभिन्न भागों से लगभग 100 विशिष्ट नागरिक हिस्सा ले रहे है। जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री ने "मन की बात" की विभिन्न कड़ियों में किया है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले ये अतिथि अपने साथ गोवा राज्य की प्राचीन कावी पेंटिंग, आंध्र प्रदेश के एटिकोप्पका लकड़ी के खिलौने, ओडिशा की पत्थर पर की गई पट्टचित्र पेंटिंग और स्वयं सहायता समूहों द्वारा केले के तने के रेशों से बने उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न अद्वितीय यादगार उपहार लेकर आएंगे। उद्घाटन सत्र के बाद 4 पैनल सत्र होंगे, जिसमें मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री की बातचीत के व्यापक विषयों पर प्रकाश डाला जाएगा। 
 
सत्र एक "नारी शक्ति" विषय पर आधारित होगा। इस देश की महिलाओं ने हमेशा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और जन समुदाय का नेतृत्व किया है और अन्य महिलाओं के अनुसरण का मार्ग प्रशस्त किया है।  चर्चा को प्रसिद्ध एंकर और होस्ट, ऋचा अनिरुद्ध संचालित करेंगी और पैनल में पूर्व आईपीएस और पुद्दुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी, एथलीट दीपा मलिक,  द बेटर इंडिया के संस्थापक और सीईओ धीमंत पारेख, आरजे नितिन, अभिनेत्री रवीना टंडन, मुक्केबाज निकहत जरीन और पर्वतारोही परपूर्णा मालवथ शामिल होंगी। 
 
सत्र दो "विरासत का उत्थान" विषय पर होगा। अपनी विरासत पर गर्व करना अमृत काल के दौरान प्रधानमंत्री का प्रमुख दृष्टिकोण रहा है। इसमें, संगीतकार और पर्यावरणविद रिकी केज, संगीतकार और पर्यावरणविद, पर्यावरण संरक्षणवादी जगत किनखाबवाला, टीवी और रेडियो होस्ट सिद्धार्थ कन्नन, पर्यावरण संरक्षणवादी रोचमलियाना,  पत्रकार पालकी शर्मा होंगी। कहानीकार नीलेश मिश्रा कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
सत्र तीन में "जन संवाद से आत्मानिर्भरता" विषय पर चर्चा होगी, इसका संचालन प्रसिद्ध भारतीय उद्यमी श्रद्धा शर्मा करेंगी। इस सत्र में उद्यमी संजीव भीकचंदानी, आर जे रौनक, पद्मश्री से सम्मानित टीवी मोहनदास पई, उद्यमी और नीति निर्माता रवि कुमार नर्रा और डल झील कमल तना उत्पादक कंपनी के प्रमुख मो. अब्बास भट शामिल होंगे। 
 
सत्र चार और समापन सत्र से पहले अंतिम सत्र का विषय "आह्वान से जन आंदोलन" होगा। 'मन की बात' एक ऐसा मंच रहा है, जिससे कई महत्वपूर्ण अभियानों का शुभारंभ हुआ है। इसमें अभिनेता आमिर खान, एंडोक्रिनोलॉजिस्ट और मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. शशांक आर. जोशी, विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपमाला पांडे, स्कूल प्रिंसिपल, लेखक और फोटोग्राफर करिश्मा मेहता, शिक्षाविद और प्रशासक प्रो. नजमा अख्तर मुख्य वक्ता होंगे। 
 
----------