राहुल गांधी की संसद वापसी पर... आज आ सकता है बड़ा फैसला... सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर टिकी निगाहें
2023-08-07 10:33 AM
193
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाली के लिए कांग्रेस लगातार जतन कर रही है। निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक लगे झटके के बाद अब राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए सुप्रीम कोर्ट ने राहत का एक फैसला देते हुए सजा पर रोक लगा दी है, वहीं अब सदन में वापसी की मांग को लेकर दायर याचिका पर आने वाले फैसले का इंतजार बेसब्री से हो रहा है।
बता दें कि मोदी सरनेम को लेकर राहुल गांधी की विवादित टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ सूरत कोर्ट में केस दर्ज कराया गया था, जिसके बाद निचली अदालत ने राहुल गांधी को दो साल की कैद का सजा सुनाया था। इसी आधार पर लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को निरस्त कर दिया था।
निचली अदालत के फैसले को राहुल गांधी और कांग्रेस ने गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां पर भी निराश होना पड़ा था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर राहुल गांधी की सजा पर रोक लग पाई। सूत्रों के मुताबिक आज इस मामले को लेकर बड़े फैसले की संभावना है, तो इसके साथ ही यह भी तय हो जाएगा कि राहुल गांधी की संसद में वापसी कब तक होगी। लोकसभा के अधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की कॉपी के अध्ययन के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।