नशे में धुत शख्स महिला कंपार्टमेंट में घुसा... चलती ट्रेन से महिला को फेंका बाहर... आरोपी गिरफ्तार
2023-08-08 10:19 AM
350
मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री को चलती ट्रेन से फेंकने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पुणे से मुंबई जा रही ट्रेन से महिला को नीचे फेंक दिया। यह घटना छह अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबर के मुताबिक पुणे से मुंबई आ रही उद्यान एक्सप्रेस के महिला कंपार्टमेंट में एक शख्स ने दादर रेलवे स्टेशन पर महिला को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। गनीमत रही कि महिला जिंदा बच गई। पीड़िता (29) ने पुलिस को बताया कि एक शख्स ने उस पर हमला किया और जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने चलती ट्रेन से फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना बीते रविवार की रात 8.30 बजे की है।
महिला ने पुलिस को आगे बताया कि ट्रेन जब दादर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई और महिला कोच की सभी महिलाएं उतर गईं। पीड़ित महिला उस कंपार्टमेंट में अकेली बची थी, जिसे देखकर आरोपी उस कोच में चढ़ गया। जब पीड़िता ने उसका विरोध किया तब आरोपी ने उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। गनीमत यह रही कि जब उसे ट्रेन से फेंका तब तक ट्रेन ने प्लेटफ़ॉर्म पार नहीं किया था और वो प्लेटफ़ॉर्म पर गिरी और चोटिल होकर बेहोश हो गई।
पुलिस ने आरोपी को छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया की आरोपी ने शराब पी रखी थी और जब महिला ने उसका महिला कंपार्टमेंट में चढ़ने का विरोध किया तब आरोपी ने महिला को ट्रेन से ढकेल दिया। इस मामले में दादर GRP ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 307, 394, 354, 150 (1)(E), 153, 137, 147, 162 के तहत मामला दर्ज किया है।